घरवालों के केस कराने पर दी थी वीडियो वायरल करके प्रेम की गवाही
गोरखपुर। विधिवत शादी के पहले अनीश के खिलाफ दीप्ति के अपहरण का मामला भी दर्ज हुआ था, तब दोनों ने सोशल मीडिया पर आपस में प्रेम करने और कोर्ट मैरिज करने का वीडियो वायरल करके पुलिस और दुनिया के सामने अपना पक्ष रखा था। इसकी जानकारी होने के बाद पुलिस ने मामले को खत्म कर दिया था और फिर दोनों ने लौटने के बाद तीन महीने पहले धूमधाम से शादी की थी।
करीब तीन साल से जिस प्रेम कहानी की चर्चा पूरे इलाके में थी, शनिवार को उसका दुखद अंत हो गया। काफी पापड़ बेलने के बाद ही तीन महीने पहले दीप्ति और अनीश एक-दूसरे के हो पाए थे। 2020 में दोनों घर से चले गए गए थे तब दीप्ति के घरवालों ने अपहरण का केस दर्ज कराया था। जानकारी के मुताबिक, कौड़ीराम ब्लॉक में दोनों की तैनाती एक साथ तीन साल पहले थी। इसी दौरान दोनों में प्रेम हो गया था और फिर दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। दीप्ति मिश्रा के घरवालों ने इसका विरोध भी किया और जब दोनों पक्ष तैयार नहीं हो रहे था तब अनीश अपनी प्रेमिका (अब पत्नी) को लेकर भाग निकले। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का केस भी दर्ज किया था। इसके बाद धूमधाम से हुई शादी में दोनों ही पक्ष के रिश्तेदार भी शामिल हुए थे।
मेरे पति को जिसने मारा उसे ले आओ, मैं दूंगी सजा
गोला में सेक्रेटरी अनीश चौधरी की हत्या के बाद बेहाल हुई पत्नी दीप्ति मिश्रा के गुस्से का पुलिस भी सामना नहीं कर पा रही थी। दीप्ति बोलीं, मेरे पति को मत छूना, उन्हें वापस लाओ। फिर अगले ही पल उन्होंने यह भी कहा कि हत्यारों को लेकर आए हैं? उन्हें मैं अपने हाथों से सजा दूंगी। दीप्ति की दिल को चीर देने वाली बातों का जवाब कोई नहीं दे पा रहा था। एसपी साउथ भी नहीं। वह किसी तरह से उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे थे। बोलते-बोलते दीप्ति बेसुध हो जा रहीं थीं, किसी तरह से समझाकर उन्हें संभाला जा रहा था।
अनीश के भाई ने प्रेम विवाह को बताया हत्या की वजह
मृतक के भाई पूर्व ग्राम प्रधान अनिल ने बताया कि मेरे भाई ने तीन महीने पहले प्रेम विवाह किया था। पत्नी भी सेक्रेटरी पद पर तैनात हैं। शादी से लड़की पक्ष के लोग नाराज थे, आरोप लगाया कि हत्या उन्हीं लोगों के द्वारा की गई है। वहीं अनीश की पत्नी ने भी अपने मायके पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
विरोध कर पाया था साथ, तीन महीने में ही उजड़ गया सुहाग
दीप्ति मिश्रा और अनीश ने परिवार व समाज का विरोध कर एक-दूसरे का साथ पाया था। अभी तीन महीने पहले ही दोनों साथ हो पाए थे और इतने में ही सुहाग उजड़ गया। दीप्ति की समझ नहीं आ रहा है कि अब वह क्या करें? जिसके सहारे उन्होंने समाज से बगावत की थी, उसकी लाश को देखते ही वह आपा खो दे रहीं थीं। रिश्तेदार, घरवाले किसी तरह से समझा रहे थे।
......
ये नौबत भी आई थी, कराया था शोषण का केस
प्रेम प्रसंग के दौरान एक बार दीप्ति ने अनीश के खिलाफ शारीरिक शोषण का आरोप लगाते हुए गगहा थाने में केस भी दर्ज कराया था। अनीश ने बातचीत के जरिए मामला सुलझा लिया था। हालांकि, बाद में साफ हुआ था कि दीप्ति ने यह सब अपने परिजनों के कहने पर किया था।
वायरल हो रहा वीडियो
गोरखपुर। अपहरण का आरोप लगने के बाद अनीश व दीप्ति ने एक के बाद एक कई वीडियो जारी कर खुद को साथ-साथ बताते हुए प्रेम विवाह की बात बताई थी। अनीश की हत्या के शनिवार को बाद ये वीडियो दिनभर सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे।