उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शुक्रवार की दोपहर में 24 वर्षीय महिला व उसकी डेढ़ वर्षीय बेटी का शव मिला। मां-बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त इस घर में मां-बेटी के अलावा परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
ये है पूरा मामला...
पटहेरवा थाना क्षेत्र के गांव रहसू जनूबी पट्टी के मठिया टोला निवासी राहुल मद्धेशिया की शादी दो वर्ष पहले विशुनपुरा थाना क्षेत्र गांव जंगल विशुनपुरा के टोला गोसाईं पट्टी निवासी महंथ मद्धेशिया की पुत्री आशा (24) से हुई थी। राहुल जौरा बाजार में कपड़े की दुकान चलाता है। वह दुकान के लिए कपड़ा लेने सूरत गया हुआ है। उसके पिता भी सूरत में रहते हैं।
शुक्रवार को राहुल की पत्नी आशा घर पर डेढ़ साल की बच्ची आकृति के साथ थी। सास दवा लेने के लिए बाजार गई थी और दो छोटे देवर भी स्कूल गए हुए थे। दोपहर बाद सास जब बाजार से घर लौटी तो कमरे में बहू आशा का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि बच्ची आकृति फर्श पर मृत पड़ी थी। हृदय विदारक दृश्य देखकर सास चिल्लाने लगी।