उद्योग लगाने के इच्छुक लोगों के लिए खबर है कि गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण में खाली पड़े 150 से अधिक प्लाटों का जल्दी ही आवंटन करेगा। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह से इसके लिए आवेदन भी शुरू हो जाएगा।
गीडा में प्लास्टिक पार्क, गारमेंटस पार्क, जनरल पार्क आदि के लिए जमीन आवंटित की गई है। पहले लोग प्लॉट आवंटित कराकर छोड़ देते थे। इसे देखते हुए प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया में बदलाव किया गया। अब प्लॉट के लिए तय रकम का 10 प्रतिशत हिस्सा अग्रिम भुगतान कर आवेदन करना होता है।
इसके बाद प्लॉट आवंटित होने पर 20 प्रतिशत धनराशि जमा करानी होती है, तब जाकर प्लॉट पर कब्जा मिलता है। इसलिए अब गीडा में वे लोग ही प्लॉट के लिए आवेदन कर रहे हैं, जो वास्तव में यहां उद्योग लगाने की तैयारी में हैं। बीते अगस्त में 240 प्लॉटों के आवंटन के लिए प्रयास किया, लेकिन अंतिम समय तक इसमें से केवल 102 प्लॉटों का ही आवंटन हो पाया।
अब प्लास्टिक पार्क, गारमेंट्स पार्क और जनरल वार्ड के बचे हुए प्लॉटों का फिर से आवंटन किया जाएगा। गीडा सीईओ पवन अग्रवाल ने बताया कि प्लॉटों के आवंटन की प्रक्रिया जल्दी ही शुरू की जाएगी। प्रयास है कि उद्योग लगाने के इच्छुक लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।