कैंपियरगंज थाने में पत्नी से मारपीट कर तेजाब से जलाने का आरोपी।
गोरखपुर जिले में कैंपियरगंज के शनिचरहिया गांव में पत्नी से विवाद के बाद मारपीट कर तेजाब से जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर सोमवार को आरोपी पति दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र के बरगदही गांव के शनिचरहिया निवासी दुर्गेश पत्नी पिंकी सोनी को साथ रखना नहीं चाहता था। इसलिए अक्सर मारता-पीटता था। 23 अगस्त को उसने पत्नी को मार-पीटकर उसके शरीर पर कोई ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। इससे उसका शरीर जल गया।
पीड़िता पिंकी सोनी ने पुलिस को तहरीर देकर आपबीती बताई। इस पर पुलिस ने पति दुर्गेश वर्मा के खिलाफ मारपीट व जलाने का केस दर्ज किया था। वह फरार हो गया था। सोमवार को थाना प्रभारी अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर बड़हरा पुल से गिरफ्तार कर लिया।