जगतबेला। जंगल कौड़िया विकासखंड के शेरपुर चमराह गांव में बुधवार को बिजली की चपेट में आने से एक बंदर गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर गया। सूचना पर बृहस्पतिवार को वन विभाग की टीम डॉक्टर के साथ मौके पर पहुंची लेकिन घायल बंदर के आसपास मौजूद छह अन्य बंदरों के हमलावर होने के कारण उसका उपचार नहीं हो सका।
ग्रामीणों के अनुसार, घायल बंदर आबादी के बीच पड़ा है। वन विभाग की टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया लेकिन दूसरे बंदरों के घेर लेने के कारण सफलता नहीं मिली। वन विभाग ने बाहर से विशेषज्ञों को बुलाने की बात कही है जिसमें करीब 15 हजार रुपये खर्च होने की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीण विश्वनाथ पाल, भोला सिंह और कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि घायल बंदर के अलावा अन्य बंदर भी लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। रास्ते से गुजरने वालों को दौड़ाने और काटने का प्रयास करते हैं जिससे गांव में भय का माहौल है।
वन दरोगा राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सूचना पर चिकित्सक के साथ मौके पर पहुंचे थे। ग्रामीणों की मदद से बंदर को पकड़कर इलाज कराने का प्रयास किया गया लेकिन दूसरे बंदरों के हमला करने के कारण उपचार संभव नहीं हो सका।