गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां खोराबार इलाके के कुसम्ही जंगल में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। किशोरी शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ती है। आरोप है कि घूमने के बहाने किशोरी को लेकर गए दोस्त ने पहले दुष्कर्म किया। इसी बीच चार अन्य लोग आ गए और दोस्त को पीटकर भगा दिया। इसके बाद उन सबने दुष्कर्म किया।
खोराबार पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर दोस्त सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोस्त नाबालिग था, इस वजह से उसे बाल सुधार गृह भेजा गया। इनमें से दो आरोपियों भोलू उर्फ विशाल यादव, सुरेंद्र को जेल भेजा दिया। एक आरोपी वकील पासवान को बृहस्पतिवार की देर रात पकड़ा गया। मामले के एक आरोपी लवकुश पासवान अभी फरार है।
इस मामले में किशोरी के पिता ने बुधवार को तहरीर दी है। जानकारी के मुताबिक, घटना 27 जून की है। 15 वर्षीय किशोरी खोराबार इलाके के एक प्रतिष्ठित स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। कक्षा में पढ़ने वाले अपने ही उम्र के एक लड़के के साथ वह कुसम्ही जंगल घूमने गई थी। वहां किशोरी और उसके दोस्त को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद युवकों ने बेटी के दोस्त को पीटकर भगा दिया था।
पिटाई से घबराकर दोस्त जंगल से निकल कर सड़क पर पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को जानकारी दी। सामूहिक दुष्कर्म की सूचना पर थाने से फोर्स आ गई, लेकिन आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य एक की तलाश की जा रही है।