पिपरौली। गीडा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत खरैला में बुधवार को मनरेगा कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। शिव मंदिर पोखरे के सुंदरीकरण में लगी 60 वर्षीय महिला श्रमिक की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, खरैला गांव निवासी कलावती देवी (60) सहतू गांव में चल रहे मनरेगा कार्य में मजदूरी कर रही थीं। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे अचानक उनका पैर फिसल गया और वह पोखरे में गिर गईं। पोखरे में जलकुंभी अधिक होने के कारण वह तुरंत दिखाई नहीं दीं।
काफी देर बाद साथ में काम कर रहे श्रमिकों की नजर पानी में तैर रही उनकी साड़ी पर पड़ी, जिसके बाद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। तब तक वह अचेत हो चुकी थीं। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान चंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और एम्बुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरौली भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची गीडा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया जा रहा है कि कलावती देवी के पति सहतू की करीब 15 वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का सहयोग करती थीं। परिवार में उनका एक विवाहित बेटा और छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।