गोरखपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एमएमएमयूटी के विद्यार्थियों ने रविवार को विश्वविद्यालय परिसर में फ्लैग मार्च निकालकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम का उत्साह नजर आया।
राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित फ्लैग मार्च का शुभारंभ विश्वविद्यालय स्टेशनरी शॉप से हुआ। विद्यार्थी अटल भवन की ओर बढ़े। विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने, राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना और उनमें देश के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करना रहा। मार्च में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा के मार्गदर्शन और एनएसएस संकाय प्रभारी डॉ. सत्यप्रकाश यादव के निर्देशन में हुए आयोजन में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोहित बाबू मौजूद रहे।