गोरखपुर में सहजनवां इलाके के माधोपुर गांव में मूक बधिर पिंटू (8) का शव गांव के पोखरे में गुरुवार को उतराता मिला। बुधवार से पिंटू लापता था। घरवालों ने सहजनवां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शरीर पर चोट के मामूली निशान थे इस वजह से पुलिस डूबकर मरने की आशंका जता रही है तो परिवार वालों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, विकास सिंह किसान हैं और घर पर ही रहते हैं। उनका आठ साल का बेटा पिंटू बुधवार को घर से निकला था। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। गांव व आसपास खोजने के बाद भी पिंटू का पता नहीं लगने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पिता की तहरीर पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर जांच में जुटी थी। इसी बीच गुरुवार की सुबह चरवाहे पोखरे की ओर गए थे तो उनकी नजर उतराती लाश पर पड़ी। शव की खबर गांव में फैलते ही पिंटू के घरवाले पहुंच गए और फिर पुलिस को हत्या कर फेंके जाने की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर दिलीप पांडेय ने बताया कि शव पर चोट के निशान नहीं है।