बच्चों को दिल्ली पुलिस की मदद से बरामद किया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के हरपुर बुदहट इलाके के कटसहरा गांव से मंगलवार को खेलने निकले भाई- बहन के लापता होने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। भाई- बहन अपनी मां के साथ दिल्ली चले गए थे। पुलिस ने दिल्ली पुलिस की मदद से बरामद कर लिया है। गोरखपुर से एक टीम बच्चों को लेने के लिए दिल्ली चली गई है।
बच्चों के लापता होने के बाद ही पिता ने छह महीने पहले दूसरी शादी कर फरार हुई मां पर आशंका जताई थी। इसके बाद पुलिस उसकी मोबाइल लोकेशन की तलाश कर रही थी। सर्विसलास की मदद से उसका लोकेशन दिल्ली में मिलने के बाद पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क कर बच्चों को बरामद कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, कटसहरा के इंद्रकुमार के दो बच्चे दस साल की सुंदरी और पांच साल का लवकुश गांव में ही मंदिर के पास खेल रहे थे। अचानक वह बाजार की ओर चले गए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। दोपहर तक बच्चों के नहीं लौटने पर घरवालों ने तलाश की, फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।