गोरखपुर जिले में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां गोला थाना क्षेत्र के बेलपार गांव में खेत की रखवाली कर रहे किसान को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली उनके पेट में लगी। आनन-फानन परिवार के लोग उन्हें गोरखपुर लेकर चले गए। जहां उनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा कि बदमाश किसान से खैनी मांग रहे थे। किसान ने इंकार किया तो उसे गोली मार दी। मौके पर पहुंचे सीओ व कोतवाल पूछताछ कर रहे हैं।
बेलपार गांव के रामनगीना मौर्य (65) देर रात सड़क के बगल में स्थित अपने खेत में कंबाइन से कटी फसल की रखवाली कर रहे थे। उसी दौरान बाइक सवार दो लोग आ गए। वे मुंह बांधे हुए थे। उन लोगों ने उनसे हाटा जाने का रास्ता पूछा खाने के लिए खैनी मांगा। मना करने पर वह कुछ दूर जाने के बाद पुनः वापस आए और उन पर तमंचे से फायर कर दिया। गोली उनके पेट में लगी है।
रात में ही स्वजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के कारण के बारे में परिवार के लोग कुछ बता नहीं पा रहे हैं। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी जगतराम कन्नौजिया तहरीर मिली है। मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।