केस एक
18 जनवरी को गुलरिहा पुलिस ने शफीक को मोबाइल फोन लूट के मामले में जेल भेजा। इसके एक साथी को कैंट पुलिस ने दो दिन पहले जेल भेजा था। शफीक इसके पहले गीडा और सहजनवां से चोरी के मामले में जेल जा चुका है। जमानत पर रिहा हुआ था और फिर मोबाइल फोन लूट की वारदात करने लगा। पुलिस ने जब पुराने आरोपितों की तलाश शुरू की तो दोनों युवक पकड़े गए और घटनाओं का पर्दाफाश हुआ।
केस दो
8 मई 2021 को गगहा में जिला पंचायत सदस्य के संभावित प्रत्याशी रितेश मौर्या फिर चंद दिन बाद ही व्यापारी शंभू मौर्या और उनके कर्मचारी संजय पांडेय की गोली मारकर हत्या की गई थी। इन तीनों हत्या में सन्नी सिंह का नाम सामने आया। सन्नी पर इसके पहले भी तिहरा हत्याकांड का आरोप था और जेल भी भेजा गया था। वह जमानत पर ही बाहर आया था। जेल से छूटने पर उसने दोबारा साथियों के साथ मिलकर तीन हत्या कर दी।
केस तीन
16 जनवरी को सहजनवां पुलिस ने संतकबीरनगर के बखिरा निवासी नीरज मिश्रा को बाइक चोरी में गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चार बाइक बरामद की। जांच में पता चला कि दो महीने पहले ही उसे बाइक चोरी में सहजनवां पुलिस ने जेल भेजा था और जमानत पर रिहा होते ही फिर से बाइक चोरी की वारदात करने लगा था। उसे पुलिस ने दोबारा जेल भेजा है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि जमानत पर छूटने के बाद बदमाशों के दोबारा अपराध करने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस को निर्देशित किया गया है कि वे जमानत पर रिहा हुए बदमाशों की निगरानी और मुकदमों की पैरवी करें ताकि सजा दिलाई जा सके। इस मुहिम में बीतें दिनों पुलिस को कामयाबी भी मिली है।