गोरखपुर के गीडा इलाके में एक बदमाश जेल से जमानत पर छूटने के बाद रंगदारी मांग रहा है। दुकानदार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। आरोप है कि बदमाश धमकी दे रहा है कि अगर रुपये नहीं दोगे तो हत्या कर दूंगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक जिगिना निवासी अमरजीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि वार्ड का एक बदमाश एक महीने से गंभीर धाराओं में जेल में बंद था। वह करीब 25 दिन पहले ही जमानत पर छूटकर आया है।
दो-तीन पहले से ही वह फोन कर दुकानदार से रंगदारी मांग रहा था, लेकिन वह उसे अनसुना कर रहे थे। रविवार दोपहर करीब दो बजे बदमाश उनकी दुकान पर आकर रंगदारी मांगने लगा। धमकी दी कि यदि सोमवार तक रकम नहीं मिली तो वह उन्हें जान से मार देगा। इसके बाद से ही दुकानदार सहित पूरा परिवार सहमा है।
प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने कहा कि तहरीर मिली है। बदमाश के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।