गोरखपुर के गुलरिहा इलाके के एक व्यापारी के बेटे का कमरे में शव मिलने से सनसनी फैल गई। व्यापारी का बेटा नवनिर्मित मकान में सोने गया था। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
गोरखपुर के गुलरिहा इलाके के परसिया गांव में गल्ला व्यापारी के बेटे विनीत जायसवाल उर्फ राहुल (21) का शव मंगलवार सुबह कमरे में बिस्तर पर शव मिला। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। मौत की वजह स्पष्ट न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, विरेंद्र सोमवार रात सपरिवार एक शादी समारोह में गए थे। देर रात वापस आने के बाद विनीत गांव वाले घर से थोड़ी दूर स्थित नवनिर्मित मकान पर सोने चला गया। मंगलवार सुबह 10 बजे तक वह सो कर नहीं उठा। घरवाले फोन मिलाए तो मोबाइल की घंटी बजने पर रिसीव नहीं हुआ।
जिसके बाद घर के लोग उस मकान पर पहुंचे। घरवालों ने देखा कि शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा हुआ था। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। मृत विनीत चार भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। गुलरिहा थाना प्रभारी अमित कुमार दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।