बीआरडी मेडिकल काॅलेज के ओपीडी पर्चा काउंटर पर मंगलवार को एमबीबीएस के छात्रों ने हंगामा किया। इससे करीब 30 मिनट तक पर्चा काउंटर बंद रहा। इस दौरान मरीज और तीमारदार को परेशानी हुई।
पर्चा काउंटर पर सुबह से मरीज लाइन में लगकर पर्चा कटवा रहे थे। इसी बीच एमबीबीएस के कुछ छात्र पर्चा लेने आ गए। आरोप है कि छात्र बिना लाइन में लगे पर्चा लेना चाहते थे। इसका कुछ मरीजों और तीमारदारों ने विरोध किया तो पर्चा काट रहा कर्मी भी छात्रों पर बिगड़ गया।
इस पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद छात्र हंगामा करने लगे। लाइन में लगे मरीजों से भी छात्र उलझ गए। इससे कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
इसे भी पढ़ें: सीमा हैदर के लिए कसा बॉर्डर तो और तमतमाया नेपाली टमाटर
मामला बिगड़ता देख मेडिकल छात्रों ने कुछ और साथियों को फोन कर बुला लिया। संख्या बढ़ने पर छात्र काउंटर के केबिन के शीशे पर हाथ पीटने लगे। सुरक्षा कर्मी ने मेडिकल काॅलेज पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
बताया जा रहा है कि दर्जनों मरीज बिना इलाज कराए लौट गए। नेहरू चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगन गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए।