राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधाकला गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास मंगलवार को हुए हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवकों का शव सड़क के बीचों-बीच पड़ा रहा। जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को वाहन से पोस्टमार्टम हाऊस भिजवा दिया। इधर सूचना पर पीड़ित परिजन और गांव के लोग पोस्टमार्टम हाऊस पहुंच गए। लोग घटना से नाराज थे और पुलिस पर तमाम तरह के आरोप मढ़ रहे थे।
कांटे प्रतिनिधि के अनुसार बेलहर थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव के टोला धुसुकपुरवा निवासी 21 वर्षीय धीरेंद्र उर्फ पुजारी अपने गांव के ही 22 वर्षीय रामकेस और 23 वर्षीय रोहित के साथ बाइक से गोरखपुर गए थे। शाम को तीनों युवक एक ही बाइक से गोरखपुर से वापस लौट रहे थे। टेमी-सेमरियावां होकर गांव जाने के लिए हाईवे से ही जा रहे थे। अभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधाकला गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई। तीनों शव सड़क के बीचोंबीच पड़े रहे। घटना के बाद राहगीरों और आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। करीब 15 मिनट तक यातायात भी प्रभावित रहा। कांटे चौकी इंचार्ज श्याम मोहन ने बताया कि राहगीरों ने घटना की सूचना दी कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई है।
मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि तीनों युवकों की लाश सड़क के बीच में पड़ी थी। तीनों शवों को कब्जे में लेकर वाहन से पोस्टमार्टम हाऊस भेजा गया। मौके से मौजूद उनकी बाइक भी कब्जे में ली गई। पूछताछ में पता चला कि तीनों युवक कैथवलिया गांव के धीरेंद्र उर्फ पुजारी, रामकेस और रोहित थे। सूचना पर परिजन भी पोस्टमार्टम हाऊस पहुंच गए। परिजन शव की मांग को लेकर हंगामा कर रहे थे।
पीड़ित पिता रामशब्द पुलिस से सवाल कर रहे थे कि आखिर किस वाहन से हादसा हुआ है। घटना की सूचना पर कौन-कौन पुलिस कर्मी मौके पर गए थे। पुलिस की लापरवाही को लेकर तमाम तरह के सवाल कर रहे थे। पीड़ित पिता को समझाने में पुलिस जुटी रही। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम हाऊस में रखवा दिया गया है। पीड़ित परिजन को समझाया जा रहा है। शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।