उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना सरदार पटेल नगर मुहल्ला स्थित एक व्यापारी के कपड़ों के गोदाम में शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे आग लग गई। शार्ट सर्किट से लगी आग जल्दी ही पूरे मकान में फैल गई। इस दौरान एसी ब्रस्ट होने से अफरा तफरी मच गई।
सघन आबादी वाले मुहल्ले में लगी इस भीषण आग को बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों के अलावा नगर पालिका से भी पानी का टैंकर मंगाया गया। करीब पांच घंटे तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में बगल की एक मकान की दीवार भी चटक गई। दुकानदार के घर के लोग भी गोदाम के ऊपर बने मकान में रहते हैं। आग लगने की जानकारी होने पर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। प्रशासन ने करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान का आकलन किया है।
सरदार पटेल नगर मुहल्ले में अरुण कुमार गोयल व प्रवीण कुमार गोयल ने अपने घर में ही कपड़े की बड़ी दुकान खोल रखी है। ऊपरी मंजिल पर परिवार के लोग रहते हैं और नीचे दुकान व गोदाम है। शुक्रवार की सुबह सात बजे गोदाम वाले हिस्से से धुआं निकलता देखकर परिवार के लोग नीचे आए तो कमरे में आग फैल चुकी थी।
जल्दी-जल्दी घर के सभी सदस्यों को बाहर निकाला गया और इसकी सूचना कोतवाली पुलिस व दमकल कर्मियों को दी गई। मुहल्ले की एक मकान से काला धुआं निकलने व पुलिस वाहन का सायरन सुनकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकले तो कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग की जानकारी हुई। आग अब पूरे मकान में फैल चुकी थी। इस दौरान घर व दुकान में लगे एयर कंडीशन भी ब्रस्ट हो गए। तेज धमाके से लोग सहम गए। जिस दुकान व गोदाम में आग लगी थी उससे सटे स्थित विजय मद्घेशिया की मकान की दीवार में भी दरार पड़ गई है।
हाइडेंट से मिली बड़ी राहत
दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोपहर करीब 12 बजे आग पर काबू पाया जा सका। कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। आग बुझने पर जब अंदर जाकर देखा गया तो गोदाम व दुकान में रखे कपड़े, कंबल आदि जलकर खराब हो गए थे। जो सामान जलने से बचे थे वह पानी से भीगकर खराब हो गए थे।
घटना की जानकारी होने पर नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल, पूर्वांचल व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सैनी, प्रदीप चहाड़िया, संजय मारोदिया, जगदम्बा टिबड़ेवाल, राजेश जायसवाल, जगदम्बा अग्रवाल, मनीष जायसवाल मंटू, एसडीएम सदर रामकेश यादव, लेखपाल योगेंद्र गुप्ता आदि मौके पर पहुंचे। राजस्व कर्मियों ने बताया कि इस घटना में 90 लाख के कपड़े, दो लाख के फर्नीचर, आठ लाख रुपये की मकान व पड़ोसी विजय की मकान में करीब 80 हजार रुपये की क्षति हुई है।
आग बुझाने में लगी दमकल की गाड़ी का पानी खत्म हो गया। तब लोग हाइडेंट प्वाइंट खोजने लगे। मुहल्ले की दूसरी गली में बने हाइडेंट प्वाइंट का चैंबर खोलकर पानी का जुगाड़ किया गया। इससे बड़ी राहत मिली। अगर अगल-बगल हाइडेंट प्वाइंट नहीं होता तो पानी के लिए डिग्री कालेज के मैदान में लगे ट्यूबेल तक जाना पड़ता। संकरी गली से दमकल गाड़ी को निकालने व वापस ले जाने में काफी वक्त लगता, जिससे आग बुझाने में और भी दिक्कत आ सकती थी।