जिले के लालगंज थानां क्षेत्र के बानपुर निवासी राजेश (35) पुत्र हरिराम का शव शुक्रवार की देर रात गांव के बाहर बने उसके छप्पर की बड़ेर में नॉयलान की रस्सी से लटकता मिला। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार मेहनत-मजदूरी करने वाला मृतक राजेश अक्तूबर माह में जालंधर गया था। करीब तीन दिन पहले ही गांव लौट आया था। परिवार में पत्नी मालती के अलावा तीन बेटियों की जिम्मेदारी उस पर थी। पत्नी के अनुसार शुक्रवार की सुबह भोजन करने के बाद निकला राजेश देर शाम तक घर नहीं लौटा। शनिवार की सुबह गांव के बाहर फूल तोड़ने गए एक बालक की नजर छप्पर में लटकते राजेश के शव पर पड़ी।
पत्नी के अनुसार गांव के बाहर खेत में जिस छप्पर में शव मिला, वहां उसके ससुर रहते थे, लेकिन बरसात से जलजमाव के कारण अब वे भी घर पर रहने लगे। प्रभारी निरीक्षक लालगंज ब्रह्मा गौड़ ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि काम-धंधे को लेकर राजेश मानसिक तनाव में था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।