संतकबीरनगर में शुक्रवार को आई रिपोर्ट में मां-बेटे समेत 12 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। जबकि पूर्व में पॉजिटिव मिले 14 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने से उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब तक 495 लोग पॉजिटिव मिल चुके है। जबकि सात संक्रमित की मौत हो चुकी है।
अपर सीएमओ डॉक्टर मोहन झा ने बताया कि शुक्रवार को 12 और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने बताया कि महुली क्षेत्र के धोबखरा गांव निवासी मुंबई से लौटी 26 वर्षीय मां और पांच वर्षीय बेटा पॉजिटिव मिले हैं। महुली क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी एवं सीएचसी नाथनगर में बीपीएम पद पद तैनात 32 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है।
महुली क्षेत्र के ही टिकुईकोल चौबे गांव निवासी 18 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। कोतवाली क्षेत्र के भाटपार गांव निवासी मुंबई से लौटा 24 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। कोतवाली क्षेत्र के शिवापार गांव निवासी 27 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है।