अभिषेक सिंह, सोनबरसा बाजार निवासी संदीप सिंह और मनुशरण भी यूक्रेन में फंसे हुए हैं।
- फोटो : अमर उजाला।
यूक्रेन में फंसे गोरखपुर के दो छात्र मनुशरण श्रीवास्तव और संदीप सिंह सोमवार को दिल्ली पहुंच जाएंगे। रविवार की शाम साढ़े पांच बजे वे यूक्रेन बार्डर चेर्नोवस्की पहुंच गए थे। बार्डर पर यूक्रेन के अलग-अलग शहरों से पहुंचे छात्रों की भीड़ जमा थी। मनुशरण ने बार्डर पर भीड़ का एक फोटो भी साझा की है।
बिछिया कॉलोनी में रहने वाले अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि बेटे मनुशरण ने यूक्रेन और रोमानिया के बार्डर पर पहुंचकर फोन किया था।
बेटे ने बताया कि बार्डर पर बहुत भीड़ है, जाम लगा है। हम लोग सात किमी पहले ही बस से उतर गए और पैदल ही पहुंचे। बार्डर पर कुछ पंजाबी समाज के लोग थे, जिन्होंने भोजन कराया और आराम करने की जगह दी। बार्डर से 250 किमी दूर एयरपोर्ट है, जहां से फ्लाइट मिलेगी। एंबेसी से सूचना दी गई थी कि भारत सरकार ने विशेष विमान भेजा है। एक विमान से कुल 250 छात्र आएंगे। बेटे ने बार्डर की फोटो साझा की, जिसे देखकर सभी लोग बहुत खुश हैं।
आ गया हूं तो मतदान जरूर करूंगा
यूक्रेन से आने वाले अनुराग सिंह की खुशी दोगुनी हो गई है। एक तो सकुशल घर पहुंच गए हैं, दूसरे चुनाव में मतदान करने का मौका मिलेगा। बातचीत में अनुराग ने बताया कि वोटर लिस्ट में उनका नाम है। मां के साथ मतदान करने जाऊंगा।