गोरखपुर के गोड़धोइया नाले की सफाई की रफ्तार तेज हो गई है। नाले से जलकुंभी की सफाई शुरू कर दी गई है। उप नगर आयुक्त संजय शुक्ला के नेतृत्व में गोड़धोइया नाले से पांच नावों की मदद से जलकुंभी की सफाई शुरू हुई। इस जलकुंभी से कान्हा उपवन में खाद बनाई जाएगी।
सोमवार को उप नगर आयुक्त की उपस्थिति में गोड़धोइया नाले की सफाई के लिए बिछिया रेलवे पुलिया पर पांच नावें नाले में उतार कर सफाई अभियान शुरू कर दिया गया। सबसे पहले नाव से जलकुंभी व खर-पतवार खींचकर किनारे पर लाया जा रहा है। इसके बाद पोकलेन मशीन की सहायता से उसे ट्रक पर लादकर कान्हा उपवन में खाद बनाने के लिए भेजा जा रहा है।
उप नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम ने सफाई के लिए कुल छह पोकलेन मशीनें लगाई गईं हैं, जिसमें से एक पोकलेन मशीन आरकेबीके पर लगाकर सफाई कार्य कराया जा रहा है। एक पोकलेन मशीन झरना टोला स्थित रेलवे पुलिया के नीचे से जलकुंभी को ट्रकों पर लादने के लिए लगाई गई है। एक मशीन बिछिया पुलिया के नीचे मलबा हटाने के लिए एक पोकलेन फातिमा रोड पर, एक पोकलेन जेल रोड पर तथा एक पोकलेन झरना टोला में लगाई गई गई है।
बाढ़ खंड सिंचाई विभाग अवर अभियंता ने किया निरीक्षण
डीएम के निर्देश पर बाढ़ खंड सिंचाई विभाग के अवर अभियंता ने उप नगर आयुक्त की उपस्थित में स्थलीय निरीक्षण किया। उप नगर आयुक्त ने नाले की सफाई व ड्रेजिंग की जानकारी दी।