आरोपी छह पुलिसकर्मी व मनीष गुप्ता की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला।
फतेहगढ़ जेल में बवाल के बाद गोरखपुर स्थित मंडलीय कारागार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जेल में बंद कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की हत्या में नामजद तत्कालीन इंस्पेक्टर जेएन सिंह और दरोगा अक्षय मिश्रा सहित सभी पुलिस कर्मियों की सुरक्षा भी बढ़ी है।
जानकारी के मुताबिक, मनीष गुप्ता हत्याकांड में नामजद छह पुलिस कर्मियों की जेल में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इन सुरक्षा में छह बंदी रक्षकों को लगाया गया है। दो-दो बंदी रक्षक आठ-आठ घंटे की ड्यूटी कर रहे हैं।
रात में सोते समय दो अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी भी लगाए गए हैं। जेल सूत्रों के मुताबिक सीबीआई की कस्टडी में जाने तक आरोपित पुलिस कर्मियों के बैरकों के पास तक किसी को नहीं जाने दिया जाएगा।
ये है मामला
रामगढ़ताल इलाके के होटल कृष्णा पैलेश में 27 सितंबर की रात में इंस्पेक्टर जेएन सिंह, चौकी इंचार्ज अक्षय मिश्रा व अन्य पुलिस वाले चेकिंग करने को गए थे। आरोप है कि इस दौरान ही पुलिस वालों की पिटाई से मनीष की मौत हो गई थी। इस मामले में मनीष गुप्ता की पत्नी मीनाक्षी की तहरीर पर छह पुलिसवालों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच और विवेचना एसआईटी कानपुर को दी गई थी फिलहाल यह केस सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया है।