कानपुर के कारोबारी मनीष गुप्ता की हत्या के आरोप में जेल में बंद छह पुलिस वालों की बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से कोर्ट में पेशी हुई। सीबीआई ने बुधवार को सीजेएम कोर्ट में अर्जी देकर अनुरोध किया कि साक्ष्य संकलन का काम चल रहा है इसलिए गिरफ्तार छह पुलिस वालों की न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ा दी जाए। अदालत ने अनुरोध स्वीकार करते हुए सभी पुलिस वालों की न्यायिक हिरासत 24 दिसंबर तक बढ़ा दी।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक, मनीष गुप्ता हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने पोस्टमार्टम हाउस से जुड़े कर्मचारियों से पूछताछ की थी। डॉक्टरों समेत कई कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं, जोकि मनीष के शव के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने के समय मौजूद थे। सोमवार को होटल कृष्णा पैलेस के मालिक से करीब दो घंटे तक पूछताछ की थी। होटल के कई और कर्मचारियों से भी पूछताछ हुई थी।