20 नहीं, अब 29 नवंबर को होगा मंडलीय सामूहिक विवाह समारोह
गोरखपुर। श्रम विभाग की ओर से 20 नवंबर को कुशीनगर में आयोजित होने वाले मंडलीय विवाह समारोह को स्थगित कर दिया गया है। अब यह 29 नवंबर को आयोजित होगा। इसके साथ ही आवेदन की तिथि भी बढ़ाकर 23 नवंबर कर दी गई है। यह जानकारी सहायक श्रमायुक्त केके यादव ने दी।
उन्होंने बताया कि इस बार इस सामूहिक विवाह समारोह में 2100 जोड़े विवाह के बंधन में बधेंगे। बताया कि मंडल के चारों जिलों गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर एवं महराजगंज में सामूहिक विवाह के लिए विभाग को अबतक कुल 1925 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें गोरखपुर से 665, महराजगंज 660, कुशीनगर से 350 एवं देवरिया से 250 आवेदन हुए हैं। प्राप्त आवेदनों की जांच विभाग के जिम्मेदारों द्वारा की जा रही है। बताया कि विवाह के पात्र को विभाग की ओर से 75 हजार रुपये की नगद धनराशि दी जाएगी।
ऐसे करें आवेदन
सामूहिक विवाह के लिए श्रम विभाग के कार्यालय एवं सीएससी सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके लिए आवेदक को आधार कार्ड, दो फोटो, परिवार रजिस्टर की नकल की छाया प्रति, वर की आयु कम से कम 21 वर्ष, वधू की उम्र कम से कम 18 वर्ष होने का प्रमाणपत्र, सहमति या घोषणपत्र, राशन कार्ड की छायाप्रति श्रम विभाग कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही सीएससी सेंटर के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
ये होंगे सामूहिक विवाह के पात्र
ऐसे निर्माण श्रमिक इस योजना में लाभ प्राप्त कर सकते है, जो उत्तर प्रदेश, भवन एवं अन्य सन्ननिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत हो एवं कम से कम 100 दिन बोर्ड की सदस्यता अवधि पूर्ण कर चुके हों और उनका अंशदान जमा हो।