उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बड़हलगंज इलाके के भैसवली गांव के महुलिया खजुहा में शनिवार की रात सड़क पर खड़ी बाइक हटाने को लेकर हुए विवाद में रामराज (58) की भाला घोंप कर हत्या कर दी गई। वहीं बीच बचाव कर रहे परिवार के चार लोग जख्मी हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात बाईपास रोड पर स्थित राष्ट्रीय कन्या विद्यालय के पास भैसवली निवासी शैलेश यादव पुत्र रामराज ने सड़क के किनारे अपनी बाइक खड़ी की थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोग आए और शैलेश से बाइक हटाने को कहा। शैलेश ने कहा कि बाइक सड़क के किनारे खड़ी है इससे उनको क्या दिक्कत हो रही है।
आरोप है कि वाद-विवाद के बाद जब शैलेश घर जा रहे थे तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने घर के पास उसपर लाठी-डंडे व भाले से हमला कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे शैलेश के पिता रामराज, चाचा दिनेश यादव, दुर्ग विजय यादव व नागेंद्र यादव को भी आरोपियों ने भाला व चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
इस दौरान शैलेश के पिता रामराज के सीने में भाला घोंप दिया गया जिससे उनकी मौके पर उनकी मौत हो गई। वहीं शैलेश यादव के हाथ व सिर, दिनेश के सीने व सिर में भाला, दुर्गविजय के सिर व नागेंद्र के सिर व हाथ में गंभीर चोट लगी है। जिन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी की हालत नाजुक बनी हुई है। खासकर दिनेश की हालत ज्यादा गंभीर है। इस घटना को लेकर गांव में तनाव बरकरार है। गांव में हत्या के बाद पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।