महराजगंज जिले के ठूठीबारी क्षेत्र से होकर बहने वाली चंदन नदी में एक व्यक्ति मछली पकड़ने के दौरान डूब गया। जिसकी जानकारी उसके सहयोगियों ने परिजनों को दी। कुछ देर बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई।
इसी बीच इसकी जानकारी कुछ लोगों ने पुलिस प्रशासन को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम अभय कुमार गुप्ता व क्षेत्राधिकारी देवेंद्र कुमार तथा ठूठीबारी कोतवाली विजय नारायण प्रसाद ने परिजनों को समझा बुझाकर किसी तरह से शांत कराया। नदी में डूबे हुए व्यक्ति को एनडीआरएफ की टीम तलाश करने में लगी रही।
जानकारी के मुताबिक भरवलिया निवासी चंद्रभान (40) अपने कुछ साथियों के साथ देर रात को सीमावर्ती क्षेत्र से होकर बहने वाली चंदन नदी में मछली पकड़ने गए हुए थे। मछली पकड़ने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया। जिससे वह गहरे पानी में चले गए। उसके बाद वह नदी के तेज बहाव में डूब गए। बहुत खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला। इस संबंध में एसडीएम अभय कुमार गुप्ता ने बताया कि नदी का जलस्तर बढ़ गया है। डूब हुए व्यक्ति की तलाश में एनडीआरएफ की टीम लगी है।