कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए नेपाल सरकार ने सोनौली सीमा को सील रहने की अवधि 16 अगस्त तक बढ़ा दी है। पिछले चार महीने से भारत नेपाल की सभी सीमा सील है। केवल भारतीय माल वाहक वाहन चालक और नेपाली नागरिकों को नेपाल में प्रवेश की अनुमति मिल रही है। नेपाल सरकार ने कुछ शर्तों के साथ नेपाल के महानगरों में लॉकडाउन में ढ़ील दिया है।
बुधवार को नेपाल सरकार कैबिनेट की बैठक में लॉकडाउन की अवधि तीन सप्ताह और बढ़ाते हुए अब 16 अगस्त तक लॉकडाउन का फैसला किया गया है। जिसमें नागरिकों को घरों से बाहर निकलने के लिए शर्तो के साथ छूट मिली है।
मंत्रीमंडल की बैठक में देश में फिर लॉकडाउन को बढ़ाते हुए 16 अगस्त तक पूरे नेपाल में इसे लागू किया गया है। जिसमें भारत नेपाल की सभी सीमाए सील रहेंगी और आवागमन पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
नेपाल सरकार के अर्थ मंत्री डॉ. युवराज खतीबड़ा ने बताया कि 16 अगस्त तक भारत नेपाल की सीमा सील रहेगी। माल वाहक वाहनों को छूट दी गई है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में प्रतिबंध रहेगा। शैक्षिक संस्थान, सेमिनार, प्रदर्शन और सम्मेलन, सिनेमा हॉल, डांस बार, मनोरंजन स्थल, सैलून, ब्यूटी पार्लर, जिम, स्वास्थ्य क्लब, समूह खेल, धार्मिक स्थल, पुस्तकालय, संग्रहालय और चिड़ियाघर अभी बंद रहेंगे।