कैंपियरगंज (गोरखपुर)। विदेश में नौकरी दिलाने और वीजा उपलब्ध कराने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोप में भागे फिर रहे आरोपी को कैंपियरगंज पुलिस ने शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार सिंह उर्फ आकाश सिंह ने कैंपियरगंज कस्बे में स्काई टूर ट्रेवल्स एंड टेस्ट ट्रेनिंग सेंटर नाम से एक एजेंसी संचालित कर रखी थी। वह बेरोजगार युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने और वीजा उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये वसूलता था। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो किसी को वीजा उपलब्ध कराया गया और न ही विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
इस मामले में कैंपियरगंज थाने में पहले से प्राथमिकी दर्ज थी। विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी के विरुद्ध गोरखपुर, कुशीनगर और महाराजगंज जनपद में भी धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक कैंपियरगंज के नेतृत्व में गठित टीम ने दिल्ली एयरपोर्ट पर आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर गोरखपुर लाया गया। सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।