मकर संक्रांति के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगने वाले मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एक जनवरी से शुरू होकर करीब एक महीने तक चलने वाले मेले के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों को हर जरूरी सुविधा मिलेगी।
मकर संक्रांति के दिन गुरु गोरखनाथ के दर्शन-पूजन और मेले की सभी गतिविधियों का आकाशवाणी एवं दूरदर्शन पर सजीव (लाइव) प्रसारण होगा।
सोमवार को आयुक्त सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करते कमिश्नर रवि कुमार एनजी ने मकर संक्रांति पर्व एवं मेले की तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा एवं व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
कमिश्नर ने कहा कि नव वर्ष के पहले दिन से ही मंदिर में भारी संख्या में लोग आने लगते हैं। शिवरात्रि तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते रहते हैं। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने तथा सुगम यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन अभी से अपनी तैयारी कर ले। सुनिश्चित करें कि वाहन पार्किंग स्थल में खड़े हों।