- सिधारीपुर पश्चिमी में 16 घंटे बाद बहाल हुई पानी की आपूर्ति
- 30 साल पुरानी पाइपलाइन बदलने की तैयारी
गोरखपुर। वार्ड नंबर 66 के नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर के सिधारीपुर चौराहे के पास मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन शनिवार रात करीब 8:30 बजे क्षतिग्रस्त हो गई। इससे करीब 150 घरों की जलापूर्ति प्रभावित रही। रविवार दोपहर करीब एक बजे मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य पाइपलाइन एक महीने में चौथी बार क्षतिग्रस्त हुई है। बार-बार पाइपलाइन टूटने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने जलकल विभाग से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। वार्ड निवासी अरुणेश समेत अन्य लोगों का कहना है कि करीब 30 साल पुरानी जलापूर्ति लाइन को बदलने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
जलकल विभाग के प्रभारी सहायक अभियंता राजेश यादव ने बताया कि नई पाइपलाइन डालने के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। उच्चाधिकारियों से स्वीकृति मिलने के बाद नई जलापूर्ति पाइपलाइन डाली जाएगी। इधर, रविवार रात मरम्मत के लिए चौराहे पर खोदी गई सड़क के गड्ढे को ठीक से नहीं भरने के कारण सामान से लदी एक गाड़ी उसमें फंस गई। किसी तरह निकाली जा सकी।