- सर्विस केबल कटकर पोल से सटने के कारण हुआ हादसा, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
गोरखपुर। बक्शीपुर उपकेंद्र से जुड़े इस्माइलपुर में शनिवार दोपहर बिजली के खंभे में करंट उतरने से जूस पी रहे 45 वर्षीय युवक को तेज झटका लगा। करंट लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे उठाकर किनारे किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई। कुछ देर बाद उसे घर भेज दिया गया।
किशन निवासी मिर्जापुर, थाना राजघाट, इस्माइलपुर में जूस पीने पहुंचा था। यहां एक व्यक्ति ठेला लगाकर जूस बेचता है। ट्रांसफॉर्मर से कुछ दूरी पर स्थित खंभे के पास ही उसका ठेला लगता है। जूस पीने के दौरान किशन का हाथ खंभे से सट गया। खंभे में करंट उतरने के कारण उसे जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की। बक्शीपुर उपकेंद्र के अधिशासी अभियंता अतुल रघुवंशी ने बताया कि एक उपभोक्ता के घर की सर्विस केबल कटकर बिजली के खंभे से सट गई थी। इसी वजह से खंभे में करंट उतर रहा था। सर्विस केबल को ठीक करा दिया गया है।