देवरिया में मदनपुर कांड की फाइल फिर से खंगाली जा रही है। इसमें हुए नुकसान की भरपाई कराने की तैयारी है। पुलिस विभाग की ओर से करीब 68 लाख रुपये के नुकसान का आंकलन किया गया है। यदि पुलिस आरोपियों से नुकसान की भरपाई करा लेती है तो जिले में यह अनूठा मामला हो सकता है।
मदनपुर गांव के कोटिया मोहल्ला निवासी रहमतुल्लाह 30 दिसंबर 2016 को गायब हो गया था। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच चार जनवरी 2017 को उसका शव केवटलिया गांव के पास राप्ती नदी के किनारे मिल गया। इससे नाराज मदनपुर गांव के लोगों ने थाना फूंक दिया था।
सीओ रुद्रपुर रहे शीतांशु और थाना प्रभारी रहीं शोभा सिंह सोलंकी को भागकर जान बचानी पड़ी थी। मनबढ़ों ने सीओ, एसओ समेत थाना परिसर में खड़े वाहनों को आग के हवाले कर दिया था। तीन घंटे तक थाना उपद्रवियों के हवाले रहा। उपद्रवियों ने पुलिस की राइफलें लूट लीं तो 13 इंसास राइफल और चुनाव के दौरान जमा किए गए कुछ असलहे लूट लिए गए थे।