प्रेमिका साथ जाने को तैयार नहीं हुई तो प्रेमी ने उसकी दो साल की बेटी का अपहरण कर लिया। सूचना पर हलकान हुई पुलिस को वह घंटों छकाता रहा। सर्विलांस की मदद से सदर कोतवाली पुलिस ने अंतत: रात में सदर रेलवे स्टेशन से युवक को पकड़कर बच्ची को मुक्त करा लिया। भटनी इलाके के रहने वाला आरोपी युवक पुलिस की हिरासत में है।
रामपुर कारखाना इलाके के एक गांव की रहने वाली महिला का भटनी इलाके के एक युवक से वर्षों से प्रेम संबंध है। दोनों आपस में रिश्तेदार भी हैं। बताया जा रहा है कि महिला का पति किसी असाध्य रोग से पीड़ित है। इस कारण युवक का बराबर उसके घर आना-जाना लगा रहता है। शनिवार को महिला के दो साल की बच्ची की तबीयत खराब थी। बेटी को लेकर महिला अस्पताल आई थी। यहां प्रेमी भी पहुंच गया। वह प्रेमिका को कहीं साथ ले जाने की जिद करने लगा। महिला के मना करने पर वह दो साल की बच्ची को लेकर भाग गया।
कुछ देर बाद परेशान हुई महिला ने बच्ची के अपहरण की सूचना पुलिस को दी। इससे पुलिस परेशान हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को फोन किया तो बताया कि वाराणसी आ गए हैं। इसके बाद सदर कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद ली। इसके बाद आधी रात को उसे सदर रेलवे स्टेशन से पकड़कर बच्ची को मुक्त कराया गया। सदर कोतवाली पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। प्रेमिका भी बच्ची के साथ कोतवाली में ही है। इस बाबत सदर कोतवाल टीजे सिंह ने बताया कि दोनों में आपसी संबंध हैं। किसी बात से नाराज होकर वह बच्ची का अपहरण कर लिया था। उसे पकड़कर बच्ची को मुक्त करा लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।