कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र के पथरवां गांव से कुछ दूरी पर गन्ने के खेत में हरियाणा ब्रांड की हाईस्पीड अंग्रेजी शराब काफी मात्रा में मिली। इसकी जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग झोले, बोरे में भरकर शराब की शीशियां ले जा रहे थे। इसकी जानकारी पुलिस को हुई तो पहुंचकर शराब कब्जे में लिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस रात में सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। यह देख तस्कर वाहन छोड़ पगडंडियों के रास्ते शराब लेकर जा रहे थे, लेकिन उसमें भी सफल न होने और पकड़े जाने के डर से शराब की पेटियां वहीं छोड़कर भाग गए। शराब की मात्रा लगभग दो पिकअप बताई जा रही है।
सुबह तकरीबन नौ बजे गांव के किसी व्यक्ति ने देखा तो ग्रामीणों को बताया। उसके बाद भीड़ जुट गई और अनेंक लोग उसे ले जाने के लिए टूट पड़े। बताया जा रहा है कि शराब बोरे और झोले में भरकर भी गई लोग ले गए, तब तक पुलिस पहुंच गई। काफी मात्रा में शराब पुलिस ने भी वहां से बरामद किया है।
तरयासुजान थाने के एसओ कपिलदेव चौधरी ने बताया कि वहां मिली शराब जब्त कर ली गई है। रात में वाहनों की जांच की जा रही थी। हो सकता है कि तस्कर पकड़े जाने के डर से यहां फेंक गए हों। जांच-पड़ताल की जा रही है।