महानगर के शाहपुर उपकेंद्र से जुड़े भेड़ियागढ़ और गीता वाटिका क्षेत्र की बिजली शुक्रवार सुबह तक 10 घंटे गुल होने से 10 हजार से अधिक उपभोक्ता बिजली और पानी के लिए तरस गए।
बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि करीब 12 बजे शाहपुर उपकेंद्र में लगा इंसुलेटर पंक्चर हो गया जिससे गीता वाटिका के पास 11 हजार वोल्ट का तार जलने से शहर के विष्णुपुरम और शाहपुर वार्ड की आपूर्ति बाधित हो गई। शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे बहाल हो सकी। इसके बाद बिजली का आना-जाना लगा रहा। ठंड में लोगों को रात में तो बिजली की आवश्यकता नहीं पड़ी, लेकिन शुक्रवार की दिनचर्या बिजली गुल होने से प्रभावित हो गई।
पानी नहीं आने से विद्यार्थियाें और नौकरीपेशा लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। कई लोगों को तो बिना नहाए ही कॉलेज, दफ्तर जाना पड़ा। वहीं गृहणियों को भी घरेलू कामों में दिक्कत झेलनी पड़ी। इस बीच कई लोग समस्या के समाधान के लिए शाहपुर बिजली उपकेंद्र को फोन लगाते रहें, लेकिन किसी जिम्मेदार ने फोन नहीं उठाया। इससे लोगों में काफी आक्रोश रहा।
शाहपुर उपकेंद्र में लगा इंसुलेटर जलने और 11 हजार वोल्ट लाइन में शॉर्टसर्किट होने से बिजली गुल हुई थी। सुबह गड़बड़ी ठीक कराते हुए आपूर्ति बहाल करा दी गई।
- अविनाश गौतम, अधिशासी अभियंता राप्तीनगर।
घर बनवा रहा था, घर की छत लगनी थी, लेकिन बिजली नहीं होने से पानी नहीं आया इससे घर की छत नहीं लग सकी। बिजली नहीं होने से मजदूरों को वापस भेजना पड़ा।
- सुनील श्रीवास्तव, स्थानीय नागरिक
पानी नहीं आने से घर की दिनचर्या पूरी तरह से प्रभावित रही। बिजली आने के बाद काफी देर तक पानी नहीं आया इससे आज अपनी दुकान भी नहीं खोल सका हूं।
- प्रिंस चौधरी, स्थानीय नागरिक