स्वच्छ भारत मिशन नगरीय अंतर्गत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में गोरखपुर नगर निगम 7 स्टार रेटिंग के लिए दावेदारी करेगा। इसके लिए निगम ने तैयारी शुरु कर दी है। स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय में गोरखपुर नगर निगम को पहली बार गारबेज फ्री सिटी में 3 स्टार की रेटिंग मिली। इसके अलावा शहरी मामलों के मंत्रालय की स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 की रैकिंग में 52 पायदान ऊंची छलांग लगा 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में राष्ट्रीय स्तर पर गोरखपुर ने 22वीं रैंक हासिल किया है। साल 2022 में यह रैकिंग 74वीं रैंक थी।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में गारबेज फ्री सिटी में 7 स्टार रेटिंग के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके अंतर्गत महानगर को पूरी तरह कचरा मुक्त किया जाएगा। गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र कर वैज्ञानिक विधि से निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए एमआरएफ सेंटरों को जल्द से जल्द शुरू करने की योजना है। दूसरी ओर महानगर की सभी दीवारों पर जागरूकता वाले चित्र बनवाएं जा रहे हैं ताकि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर रखने के लिए अनवरत प्रेरित किया जाए।
प्रतिबंधित पाॅलिथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए लोगों को प्रेरित करने के साथ कपड़े के थैले के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर है। नगर निगम द्वारा 500 से अधिक खाली पड़े प्लाटों को कचरा मुक्त करा, उनके मालिकों को नोटिस दिया गया कि वे जल्द दे जल्द चाहरदीवारी कराएं। जब तक निर्माण नहीं करते, पौधरोपण करें। सभी जोनल अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों, सुपरवाइजरों को ऐसे स्थानों का जियो टैग करते हुए निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पुन: गंदगी मिलने पर जुर्माना भी वसूल करेगा।