गोरखपुर में स्थानीय कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के छोटे हाल का किराया एक चौथाई किया जा रहा है। छोटे हॉल का शुल्क एक लाख रुपये है, लेकिन स्थानीय कलाकारों को यह 25 हजार रुपये में मिल सकेगा।
योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह का किराया अत्यधिक होने के संबंध में कलाकारों का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश संगीत नाटक एकेडमी के सदस्य राकेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में सांसद रवि किशन से मिला था। इस पर सांसद ने आश्वासन दिया था कि वह कलाकारों की इस समस्या को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे और कलाकारों को प्रेक्षागृह न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
मंगलवार को पुन: राकेश श्रीवास्तव ने प्रेक्षागृह क ा किराया कम कराने के संबंध में सांसद रविकिशन से मुलाकात की। इस पर सांसद ने जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह से बात कर कलाकारों के लिए प्रेक्षागृह के छोटे हॉल को 25 हजार रुपये में आवंटित कराने की बात कही। जीडीए उपाध्यक्ष ने सहर्ष सहमति दे दी।
सांसद ने कहा कि मैं एक कलाकार हूं। कला व कलाकारों का सम्मान मेरी प्राथमिकता है। प्रेक्षागृह का किराया ज्यादा होने से कलाकारों को समस्या का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने अपनी समस्या से मुझे अवगत कराया। अब उन्हें प्रेक्षागृह में अभिनय या कला से संबंधित कार्यों के लिए पहले से बहुत कम शुल्क देना होगा। सांसद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार कला व संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि स्थानीय कलाकारों को प्रेक्षागृह का छोटा हॉल दो घंटे के लिए 25 हजार रुपये में देने पर सहमति बन गई है। जल्द ही बोर्ड की बैठक में इसे पास कराकर मोहर लगा दी जाएगी।