गोरखपुर। सांसद रवि किशन शुक्ला को एलएनसीटी विश्वविद्यालय, भोपाल की ओर से मानद डॉक्टरेट उपाधि दी जाएगी। यह सम्मान उन्हें भारतीय सिनेमा में उल्लेखनीय योगदान, कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका तथा जनप्रतिनिधि के रूप में समाज और राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, रवि किशन शुक्ला की प्रेरणादायी जीवन यात्रा, संघर्ष एवं सार्वजनिक जीवन में सक्रिय योगदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को सम्मानित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। यह सम्मान आगामी दीक्षांत समारोह में प्रदान किया जाएगा, जो चार मई को एलएनसीटी विश्वविद्यालय परिसर, रायसेन रोड, भोपाल में आयोजित होगा। इस अवसर पर रवि किशन विद्यार्थियों को संबोधित कर अपने अनुभव साझा करेंगे।