कानपुर में हुई मुठभेड़ में महराजगंज जिले का सिपाई शिवमूरत घायल हो गया। इसकी जानकारी लगते ही परि?
- फोटो : MAHARAJGANJ
छोटे भाई के घायल होने की खबर सुन फफक पड़े
कानपुर में हिस्ट्रीशीटर से हुई मुठभेड़ में पनियरा निवासी पुलिसकर्मी शिवमूरत भी घायल
महराजगंज। कानपुर के हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की गिरफ्तारी के लिए दबिश के दौरान हुई मुठभेड़ में महराजगंज जिले के पनियरा क्षेत्र के बरवास गांव का भी एक पुलिस कर्मी शिवमूरत निषाद घायल हो गया है। जैसे ही यह खबर शुक्रवार को परिजनों को मिली, वे चिंतित हो गए। भाई तो फफक पड़े। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य कानपुर रवाना हो गए।
आरक्षी शिवमूरत निषाद कानपुर के चौबेपुर थाने में तैनात हैं। मुठभेड़ में उनके घायल होने की सूचना मिलने पर मां मेवाती देवी ने फोन पर बात की। उन्होंने बताया कि बेटा गंभीर रूप से घायल है। इलाज हो रहा है। जल्दी स्वस्थ हो जाएगा। बातचीत के बाद मन को थोड़ी तसल्ली हुई। इधर सूचना मिलते ही शिवमूरत के पिता भजुराम निषाद, बड़े भाई राममिलन निषाद, रामरतन के अलावा ग्राम प्रधान राजेश सिंह आदि कानपुर रवाना हो गए। घायल शिवमूरत पांच भाइयों में सबसे छोटे हैं। बड़े भाई राममिलन निषाद, दूसरे नंबर पर रामजतन निषाद, तीसरे पर रामरतन और चौथे पर राममूरत निषाद हैं।