स्पर्श राजकीय दृष्टिबाधित बालक इंटर कॉलेज सत्र 2023-24 से सौ और दृष्टिहीन बच्चों के जीवन में शिक्षा का उजियारा फैलाएगा। कॉलेज परिसर में बन रहे नए भवन, पानी की टंकी और छात्रावास का कार्य दिसंबर तक पूरा होने की उम्मीद है। जिसके बाद से नए सत्र में कक्षा एक से बारहवीं में पढ़ने वाले सौ बच्चों के रहने और पढ़ाई का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा।
वर्ष 1956 में स्थापित विद्यालय में वर्तमान में सौ विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनके रहने, खाने-पीने और पढ़ाई का खर्च पूरी तरह सरकार की ओर से वहन किया जाता है। जबकि, 25 बच्चे बिना आवासीय सुविधा के अध्यनरत हैं। जिन्हें घर से लाने और ले जाने की सुविधा भी सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही अध्ययन सामग्री के रूप में ब्रेल किट और स्मार्ट फोन भी सरकार की ओर से प्रदान किया जाता है।
काफी पुराना भवन होने की वजह से कॉलेज प्रबंधन ने नए भवन, पानी की टंकी और छात्रावास का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। वर्ष 2020 में शासन ने आठ करोड़ 81 लाख, 66 हजार रुपये की धनराशि जारी करते हुए कार्यदायी संस्था पैक्सफेड को निर्माण की जिम्मेदारी दी।