आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने देश में अशांति फैलाने की धमकी दी है। मोहम्मद अमीम शेख नाम के शख्स ने धमकी भरी चिट्ठी हापुड़ स्टेशन अधीक्षक को भेजी है। चिट्ठी में 26 नवंबर को गोरखपुर, लखनऊ व कानपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों और छह दिसंबर को देश के प्रमुख मंदिरों को बम से उड़ाने की बात लिखी है। यह भी लिखा है कि लश्कर अपने जेहादियों का बदला लेगा।
जानकारी के अनुसार, हापुड़ रेलवे स्टेशन अधीक्षक को डाक से एक पत्र मिला है, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा की तरफ से धमकी दी गई है कि 26 नवंबर को हापुड़, गोरखपुर, लखनऊ, खुर्जा, अलीगढ़, कानपुर, टुंडला, बरेली और मुरादाबाद रेलवे स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसी तरह छह दिसंबर को प्रयागराज, अयोध्या, हरिद्वार, उज्जैन, मुंबई और अहमदाबाद के मंदिरों को उड़ाने की बात लिखी है। आतंकी संगठन की ओर से डाक से भेजे गए पत्र को मोहम्मद अमीम शेख नामक व्यक्ति ने लिखा है। उसने खुद को लश्कर का जम्मू-कश्मीर और कराची का एरिया कमांडर बताया है। पत्र मिलने के बाद जीआरपी और आरपीएफ ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म, बुकिंग हाल व सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग बढ़ा दी है। स्टेशन से गुजरने वाली सभी ट्रेनों में चेकिंग बढ़ा दी गई है।
पहले हो चुके हैं सीरियल ब्लॉस्ट
गोरखपुर के गोलघर में पहले भी सीरियल ब्लॉस्ट हो चुके हैं। लिहाजा, सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। रेलवे स्टेशन के साथ प्रमुख मंदिर, मठों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
गोरखपुर इंस्पेक्टर जीआरपी उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि लश्कर-ए-ताइबा की धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की चेकिंग बढ़ा दी गई है। डॉग स्क्वाड की मदद ली जा रही है। सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी हो रही है।
गोरखपुर पहले से ही हिटलिस्ट में
पूर्वांचल के लोगों की धार्मिक आस्था का सबसे बड़ा केंद्र गोरखनाथ मंदिर पहले से ही आतंकियों की हिट लिस्ट में है। पहले भी गोरखनाथ मंदिर को उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इसी तरह गोरखपुर का रेलवे स्टेशन भी निशाने पर रहता है। योगी आदित्यनाथ के यूपी का मुख्यमंत्री बनने के बाद यह शहर और भी संवेदनशील हो चुका है।