टायरों में पानी और मच्छर के लार्वा मिलने पर नौ दुकानदारों को नोटिस
पिछले साल डेंगू के करीब 200 मामले आए थे, सितंबर तक रहेगा खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बारिश के साथ ही मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। इसके साथ ही डेंगू की आहट भी सुनाई देने लगी है। बृहस्पतिवार को शहर के ट्रांसपोर्टनगर इलाके की 19 दुकानों की जांच की गई, जिसमें से नौ के सामने रखे टायरों में पानी और मच्छरों के लार्वा पाए गए। यह डेंगू के प्रसार के लिए मुफीद है। ट्रांसपोर्टनगर के नजदीक के बेतियाहाता और तारामंडल समेत शहर के नौ इलाके डेंगू के लिहाज से संवेदनशील हैं।
इसे देखते हुए जिन नौ दुकानों के टायर में पानी और मच्छरों के लार्वा मिले, उन्हें नोटिस देकर सफाई का ध्यान रखने को कहा गया है। एक सप्ताह बाद दोबारा जांच होगी और तब पानी भरा मिलने पर इन दुकानदारों पर केस दर्ज कराया जाएगा।पिछले साल जिले में डेंगू के 276 केस पाए गए थे। इसके अलावा 477369 स्थानों पर भरे पानी की जांच की गई थी, जिनमें से 260 जगह मच्छर के लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया गया था। शहर के दीवान बाजार, अलीनगर, चरनलाल चौक, जाफराबाद, गोरखनाथ, बेतियाहाता, निजामपुर, अलीनगर और तारामंडल इलाके में डेंगू के दो से अधिक केस पाए गए थे। ऐसे इलाकों को इस साल डेंगू संक्रमण के लिहाज से संवेदनशील माना गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन इलाकों में मच्छरों के लार्वा की तलाश से लेकर दवा छिड़काव और मरीजों के वृहद जांच के लिए अभियान चलाने की तैयारी की है।
इस साल जुलाई के पहले सप्ताह में लगातार बारिश के चलते गड्ढों व खाली प्लाॅटों में पानी भर गया है। बृहस्पतिवार को मलेरिया नियंत्रण विभाग की टीम ने डेंगू मच्छरों के लिए मुफीद ट्रांसपोर्टनगर इलाके में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 19 टायर की दुकानों पर रखे 4943 टायर व बर्तनों में भरे पानी की जांच की गई। इनमें से 702 टायरों में पानी व लार्वा पाए गए।
टायरों में पानी व लार्वा मिलने पर राजू टायर, अनस टायर, हिंद टायर, पाल जी टायर, अनिल टायर एंड रिपेयरिंग सेंटर, पाल टायर, चांद टायर, शुभम टायर और अली भाई टायर को नोटिस भेजा गया। इस कार्रवाई के दौरान मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह और मंडलीय एंटोमोलाजिस्ट डॉ. वीके श्रीवास्तव मौजूद रहे।
तिरपाल से ढंकना होगा टायरों को
जिला मलेरिया नियंत्रण अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि डेंगू के मच्छर साफ पानी में ही फैलते हैं। बाहर रखे टायरों या बर्तन में जमा पानी को मच्छरों के स्रोत के रूप में गिना जाता है। इसीलिए निर्देश दिया गया है कि सभी दुकानदार टायरों में जमा पानी को गिराकर सुखा लें। इसके बाद टायरों को प्लास्टिक कवर या तिरपाल से ढंक दें, ताकि बारिश का पानी उनमें न भरे।
दूसरी जगहों पर मिल चुके हैं आठ केस, रहें सावधान
डीएमओ ने बताया कि इस साल जून तक डेंगू के आठ केस चिह्नित हुए हैं। ये सभी दूसरी जगहों पर जांच के दौरान चिह्नित हुए हैं। ये लोग रहने वाले गोरखपुर के ही हैं, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतनी होगी। ऐसा इसलिए कि अगर किसी संक्रमित व्यक्ति को स्वस्थ मच्छर काटता है तो वह भी संक्रमित हो जाता है और वही मच्छर दूसरे स्वस्थ व्यक्ति को काटता है तो वह स्वस्थ व्यक्ति भी बीमार हो जाता है। इस प्रकार डेंगू का संक्रमण तेजी से फैलता है। इसलिए विशेष सावधानी बरतें।
सरकारी अस्पताल में है जांच व इलाज की सुविधा
जुलाई से सितंबर के बीच डेंगू व अन्य संक्रामक बीमारियों को देखते हुए जिला अस्पताल से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक जांच व इलाज की अलग से व्यवस्था की गई है। जिला अस्पताल में 20 बेड, 100 बेड टीबी अस्पताल में 25 बेड और सभी सीएचसी-पीएचसी में पांच-पांच बेड डेंगू के मरीजों के लिए आरक्षित हैं। तेज बुखार होने पर मरीज एंबुलेंस की मदद ले सकते हैं। सभी जगह जांच के लिए किट उपलब्ध है। जिला अस्पताल और आरएमआरसी में एलाइजा टेस्ट के अलावा आरटीपीसीआर की भी सुविधा है।
ये रखें सावधानी
मच्छरदानी में ही सोएं।
बुखार होने पर अपने मन से दवा न खाएं।
बुखार होने पर जांच व इलाज के लिए सरकारी अस्पताल जाएं।
बुखार होने पर आराम करें और नारियल पानी पीते रहें।