गोरखपुर शहर के 23 वार्डों में मोहल्ला क्लीनिक के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। नगर निगम प्रशासन ने इसकी जानकारी डीएम कार्यालय को भेज दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस ड्रीम प्रोजेक्ट के अनुसार स्वास्थ्य विभाग क्लीनिक बनाएगा और स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था करेगा।
नागरिकों को उनके घर के पास इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने मोहल्ला क्लीनिक खोलने के निर्देश दिए थे। कहा था कि वार्डों में नगर निगम की खाली पड़ी जमीन पर क्लीनिक खोली जाए। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी फायदा मिलेगा। प्रावधान के तहत दो वार्डों के बीच इस मोहल्ला क्लीनिक खोलने के लिए योजना तैयार की गई।
ऐसे में कुल 35 स्थानों पर मोहल्ला क्लीनिक बनाने की योजना है। इसी क्रम में मेयर सीताराम जायसवाल ने उन पार्षदों से प्रस्ताव मांगे जिनके वार्ड में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र न हों। साथ ही जमीन के संबंध में जानकारी मांगी थी। पार्षदों ने जमीन चिह्नित कर सूची नगर निगम को उपलब्ध करा दी है।