अहिरौली बाजार। थाना क्षेत्र के गांव महुअवा पश्चिम टोले में रविवार की रात एक मकान के दरवाजे का ताला तोड़कर नकदी समेत आभूषण की चोरी की गई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव महुअवा के पश्चिम टोला निवासी बलजीत कुमार रविवार को परिवार के साथ किसी रिश्तेदार के घर मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। घर का ताला बंद था। सोमवार को रिश्तेदार के घर से वापस आने पर दरवाजे का ताला टूटा हुआ देख गृहस्वामी अवाक रह गए। घर के अंदर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। इस घटना की सूचना पीड़ित ने डॉयल 112 पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई। गृहस्वामी बलजीत कुमार ने तहरीर में बताया है कि पुलिस की मौजूदगी में सामान की जांच की गई तो पता चला कि 2600 रुपये समेत सोने का मंगलसूत्र, पायल, टैबलेट गायब थे। एसओ अहिरौली बाजार दिनेश कुमार ने बताया कि चोरी के संबंध में तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।