कुशीनगर एयरपोर्ट के रनवे के किनारे प्रस्तावित विस्तारीकरण कार्य को जल्दी पूरा कराने के लिए प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिया है। डीएम की तरफ से गठित अभियंताओं की तीन सदस्यीय टीम ने बृहस्पतिवार को विस्तारीकरण के दायरे में आने वाले मकानों का मूल्यांकन किया।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हेमराज सिंह की अगुवाई में टीम ने प्रभावित लोगों से मकान की कीमत को लेकर बातचीत की। लोगों ने वर्तमान दर पर मूल्यांकन की मांग की। अधिशासी अभियंता ने बताया कि भलुही मदारी पट्टी में 47 व बेलवा दुर्गा राय में 23 लोगों का मकान विस्तारीकरण के दायरे में है।
पूर्व में इसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन प्रभावित लोग इसको लेकर एतराज जता रहे हैं। इसलिए फिर से बातचीत चल रही है। उच्चाधिकारियों के आदेश के मुताबिक कार्रवाई होगी।