कोरोना महामारी की तीसरी लहर से पहले स्वास्थ्य विभाग बच्चों को दवाओं की किट बांटेगा। इसके लिए शून्य से 17 साल तक के बच्चों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में दवाओं किट तैयार की गई है। किट को बांटने की शुरुआत 27 जून से जनप्रतिनिधियों के हाथों होगी। चार श्रेणियों में बनाई गई दवाओं की किट को आशा, एएनएम, निगरानी समितियों के जरिए बांटा जाएगा। पहले चरण के लिए 35 हजार किट स्वास्थ्य विभाग को शासन की ओर से मिली है।
जानकारी के मुताबिक, विशेषज्ञों का मानना है कि तीसरी लहर में बच्चों के संक्रमित होने की आशंका अधिक है। क्योंकि बच्चों के लिए अब तक कोई टीका नहीं आया है। ऐसे में शासन बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए उन्हें जरूरी दवाएं देने की शुरुआत की है। सीएमओ डॉ सुधाकर पांडेय ने बताया कि इस काम में निगरानी समितियां घर-घर जाकर जानकारी करेंगी और जिस घर के बच्चों में कोरोना के लक्षण होंगे, उन्हें मेडिकल किट दी जाएगी।
पहले चरण के बाद दूसरे चरण में दवाओं की किट जैसे ही आएगी, वैसे-वैसे सभी घरों में बच्चों की दवाएं पहुंचाई जाएंगी। इस मौसम में संक्रामक रोगों की आशंका अधिक रहती है। ऐसे में विभाग कोई रिस्क नहीं लेना चाहता है। यही वजह है कि पहले से दवाइयां बच्चों के लिए उनके घरों तक पहुंचाई जाएंगी। इससे पहले कोविड कॉल में दवाइयों की किट लोगों तक पहुंचाई गई थी। इस बार बच्चों के लिए नई पैकिंग की दवा आई हैं, जो अलग-अलग उम्र के बच्चों के हिसाब से हैं।