गोरखपुर में कोरोना महामारी से निजात के लिए किन्नर अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी कनकेश्वरी नंद गिरि उर्फ किरण ने शुक्रवार को अपने तीन दिवसीय निर्जल व्रत का उद्यापन कर दिया। किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर ने पीपीगंज स्थित काली मंदिर पर पहुंच कर अपने और अन्य कई महिलाओं के साथ कोरोना से निजात के लिए विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर यज्ञशाला में हवन कर पूर्णाहुति दी।
हवन में आए सभी किन्नरों ने दुर्गा सप्तशती, महामृत्युंजय व गायत्री मंत्रों के जाप व सौ से अधिक जड़ी बूटियों की आहुतियां देकर मानव जनजाति को इस भयानक वायरस से बचाने की मंगल कामना की।
महामंडलेश्वर कनकेश्वरी नंद गिरी ने कहा कि वर्तमान समय में हमारा देश कोरोना जैसी महामारी एवं अन्य प्रकार के कई संकटों के दौर से गुजर रहा है। ऐसे समय में हम सब नागरिकों का कर्तव्य बनता है कि विभिन्न संकटों एवं समस्याओं से अपने देश को निजात दिलाने के लिए अपने-अपने स्तर एवं क्षमताओं के अनुसार सार्थक प्रयास करें।
इसी क्रम में शहर के बहरामपुर में महिलाओं ने कोरोना से निजात के लिए विधि-विधान से देवी माता की पूजा-अर्चना की और नीम के पत्ते के साथ जल चढ़ाकर मंगलकामना की।