- मेले में झूले, खिलौनों और खानपान की दुकानों पर भी अधिक भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ गोरखनाथ बाबा के दर्शन किए और विधि-विधान से खिचड़ी अर्पित की। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दूर-दराज के जिलों के साथ ही अन्य राज्यों और नेपाल से आए भक्तों ने बाबा गोरखनाथ के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना की। साथ ही मेले का आनंद लिया।
दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में लगे विश्वप्रसिद्ध खिचड़ी मेले का भरपूर आनंद लिया। पूरे दिन मेले में उत्साह और उमंग रहा। झूले, खिलौनों की दुकानों और मनोरंजन के साधनों पर भारी भीड़ उमड़ी रही। मेले में खान-पान की दुकानों पर भी रौनक देखने को मिली। चाट, फुल्की, जलेबी, खिचड़ी और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का श्रद्धालुओं ने स्वाद लिया। बच्चों ने आइसक्रीम और फास्ट फूड का आनंद उठाया।
पुलिस और स्वयंसेवकों की तैनाती से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। श्रद्धालुओं ने गुरु गोरखनाथ के प्रति अपनी भक्ति व्यक्त करते हुए कहा कि यह मेला न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि आपसी मेल-जोल और आनंद का भी बड़ा माध्यम है। वहीं मेला प्रभारी शिव शंकर उपाध्याय ने बताया कि मेले में सभी प्रकार के इंतजाम पर्याप्त हैं। मेले में लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।