पीपीगंज इलाके का मामला, व्हाट्सएप पर वर्दी वाला फोटो भेजकर रुपये और दवाएं मांगता था जालसाज
संवाद न्यूज एजेंसी
जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। पीपीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस की वर्दी पहनकर चिकित्सक को धमकाने के मामले में पुलिस ने युवक और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोप है कि क्षेत्र निवासी युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर पीपीगंज स्थित एक अस्पताल के डॉक्टर पर दबाव बनाने की कोशिश की। जालसाज ने व्हाट्सएप पर पुलिस की वर्दी में अपना फोटो भेजकर डॉक्टर से नकद रुपये और महंगी दवाओं की मांग की। मांग पूरी न होने पर अस्पताल सील कराने की धमकी दी थी।
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक लगातार फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से चिकित्सक से संपर्क कर रहा था। पुलिस होने का रौब दिखाते हुए वह अस्पताल से दवाएं और रुपये देने का दबाव बना रहा था। डॉक्टर के इन्कार करने पर आरोपी ने अस्पताल सील करवाने की धमकी दी। मामले में चिकित्सक की ओर से एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में डॉक्टर ने बताया कि आरोपी कई दिनों से उन्हें धमका रहा था और अलग-अलग प्रकार की दवाओं की मांग कर रहा था। वीडियो के वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया। सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी के घर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी की पत्नी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। महिला आरक्षियों की टीम ने आरोपी की पत्नी से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट, फोटो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी के पास पुलिस की वर्दी कहां से आई और उसने इससे पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी इस तरह की ठगी या धमकी की कोशिश की थी या नहीं। हालांकि, इस मामले में अभी तक पीड़ित चिकित्सक की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
वर्जन
मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- अनुराग कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी, कैंपियरगंज