फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khichdi Fair: गोरखपुर चार सुपर जोन और 25 सेक्टर में बांटकर की जाएगी सुरक्षा, भक्तों के लिए चलेगी इलेक्ट्रिक बस

Mon, 08 Jan 2024 02:31 PM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

गोरखनाथ में लगने वाले खिचड़ी मेले में 14 जनवरी को डाक विभाग की तरफ से कैंप लगाकर श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रवर डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं का ख्याल करते हुए गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की गई है।
विज्ञापन
गोरखनाथ मंदिर का खिचड़ी मेला। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी मेले के दौरान सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया गया है। मंदिर परिसर को चार सुपर जोन, 10 जोन और 25 सेक्टर में बांटकर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। मंदिर के अंदर व बाहर कुल 3115 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इसके अलावा पीएसी व एटीएस कमांडो भी सुरक्षा में रहेंगे। मंदिर में एक अस्थायी थाना और सात पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। पार्किंग के लिए 10 स्थान निर्धारित किए गए हैं।

विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, मेला परिसर में अस्थाई थाना व सात चौकियां स्थापित कर प्रभारी की नियुक्ति कर दी गई है। परिसर में सात वाॅच टावर एवं लाइट की व्यवस्था होगी। मुख्य गेट के सामने पंजाब नेशनल बैंक के ऊपर, पुलिस सुरक्षा चौकी के बगल में पीसीओ के ऊपर, उत्तरी गेट पर सवेरा मिष्ठान के ऊपर, साधना भवन के ऊपर, विष्णु मंदिर के समीप, पुराना काली मंदिर के समीप और मेला परिक्षेत्र के दक्षिणी हिस्से में वाच टावर एवं लाइट की व्यवस्था की जाएगी।

आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से सभी सीसीटीवी कैमरों से माॅनीटरिंग होती रहेगी। मेला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। भीम सरोवर में एसडीआरएफ के साथ फ्लड पीएसी तैनात है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया गया है। आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत को ध्यान में रखकर सुरक्षा का प्लान तैयार किया गया है।

विज्ञापन
Trending Videos

भीड़ नियंत्रित करने के लिए 200 लोहे के बैरियर मुहैया कराएगा जीडीए
मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में लगने वाले खिचड़ी मेले में अस्थाई कैंटीन, कोविड डेस्क, महिला हेल्प डेस्क समेत अन्य सुरक्षा संबंधी इंतजाम भी किए जाएंगे। भीड़ नियंत्रित करने के लिए 200 लोहे के बैरियर भी जीडीए मुहैया कराएगा। तैयारियों को लेकर शनिवार को बैठक भी की गई।

मकर संक्रांति पर खिचड़ी मेला गोरखनाथ मंदिर में 14 जनवरी शुरू होकर महाशिवरात्रि तक चलेगा। बैठक में एसएसपी ने जीडीए अफसरों से कहा कि सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र, वीआईपी गेट, उत्तरी निवास द्वार, दक्षिणी प्रवेश द्वार, दशहरी बाग तिराहा, जेपी हॉस्पिटल के पास, कौड़िहवा मोड पर अस्थायी पुलिस चौकियाें के लिए वॉटर प्रूफ केनोपी टेंट, मैट, टेबल, कुर्सी आदि का इंतजाम जीडीए को करना होगा।

इसके अलावा मेला परिसर में मेला थाना, न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों के लिए वॉटर प्रूफ कनोपी टेंट, मैट, आठ सोफा सेट, सेंटर टेबल आदि भी उपलब्ध कराना होगा। जीडीए के प्रभारी मुख्य अभियंता किशन सिंह ने बताया कि थाना और चौकी निर्माण के लिए अस्थाई टेंट का निर्माण कराया जा रहा है। बोलार्ड कोन, बैरियर का इंतजाम कराया जा रहा है।


 
विज्ञापन

खिचड़ी मेला : श्रद्धालुओं को गोरखनाथ मंदिर पहुंचाएंगी इलेक्ट्रिक बसें
मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में खिचड़ी मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। जिले में 13 स्थानों से 25 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन 14 से 16 जनवरी के बीच होगा।

खिचड़ी चढ़ाने आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति बसों का संचालन करेगा। महेसरा, नौसड़, कुसम्ही, सहजनवां, पिपराइच, कौड़ीराम, सूबा बाजार, भटहज, मेडिकल कॉलेज, पादरी बाजार, कौवाबाग, असुरन चौक, बेतियाहाता से 25 इलेक्ट्रिक बसें गोरखनाथ मंदिर के लिए चलेंगी। आवश्यकता पड़ने पर इस तिथि को आगे बढ़ा दिया जाएगा। समिति के मुख्य कार्यपालक अधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि खिचड़ी मेले में श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिए गए हैं।

खिचड़ी मेले में डाक विभाग लगाएगा कैंप, मिलेगा गंगाजल
गोरखनाथ में लगने वाले खिचड़ी मेले में 14 जनवरी को डाक विभाग की तरफ से कैंप लगाकर श्रद्धालुओं को गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। प्रवर डाक अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं का ख्याल करते हुए गंगोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि बोतल में 60 एमएल गंगाजल 30 रुपये में मिलेगा। इसके अलावा 100 एमएल 50 रुपये, 210 एमएल 105 रुपये और 500 एमएल 250 रुपये में उपलब्ध कराने की योजना है।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें